February 8, 2026 |
क्राइमटेक्नोलॉजीदेशधर्ममध्यप्रदेशराजनीतिविदेशव्यापार

सनावद पुलिस की प्रभावी कार्रवाई ,किसान के बाड़े से बैल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब

फ़ास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ प्रधान संपादक सज्जाद खान

Fast News Janta Ki Awaaz

Listen to this article

सनावद पुलिस की प्रभावी कार्रवाई ,किसान के बाड़े से बैल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब

दो आरोपी गिरफ्तार, 4.15 लाख रुपये का मशरूका बरामद

सनावद |अपराधों पर निर्णायक प्रहार करते हुए थाना सनावद पुलिस ने किसान के बाड़े से बैल चोरी की सनसनीखेज वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया संपूर्ण मशरूका बरामद किया है। इस कार्रवाई को ग्रामीण अंचल में कानून-व्यवस्था के लिए मजबूत संदेश माना जा रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग तथा पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशानुसार जिले में चोरी व लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में थाना सनावद पुलिस को यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
घटना का विवरण
दिनांक 14 जनवरी 2026 को फरियादी हरिजी निवासी आली खुर्द ने थाना सनावद में शिकायत दर्ज कराई कि 10-11 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने उसके बाड़े में बंधे दो बैल चोरी कर लिए। शिकायत पर थाना सनावद में अपराध क्रमांक 19/25, धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत विवेचना प्रारंभ की गई।

सतर्क पुलिस, सटीक कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सनावद रामेश्वर ठाकुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आसपास के गांवों एवं हाट-बाजारों में सघन निगरानी रखी गई। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लोहारी में नहर किनारे झाड़ियों के समीप राजेश के खेत में दो बैल बंधे हुए हैं, जिनका हुलिया चोरी गए बैलों से मेल खाता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित दबिश दी। मौके पर एक व्यक्ति बैलों के पास बनी टपरी में बैठा मिला, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। सतर्कता दिखाते हुए पुलिस ने उसे घेराबंदी कर मौके पर ही धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश पिता भलाजी रेवापाटी (30 वर्ष), निवासी ग्राम बासवा बताया। प्रारंभिक आनाकानी के बाद पुलिस की सूझबूझपूर्ण व मनोवैज्ञानिक पूछताछ में आरोपी ने बैल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
वारदात की पूरी कहानी
आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी अशोक पिता लोटन जी मावार (50 वर्ष), निवासी विवेकानंद कॉलोनी, बड़वाह के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। आरोपी राजेश मोटरसाइकिल से ग्राम टोकसर पहुंचा, जहां से फरियादी के बाड़े से दोनों बैल खोलकर गांव के बाहर लाया गया। इसके पश्चात अशोक के छोटा हाथी वाहन को बुलाकर बैलों को उसमें भरकर ग्राम लोहारी में नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया।
जप्ती का विवरण
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर—
02 चोरी किए गए बैल (अनुमानित कीमत ₹95,000/-)
घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन (अनुमानित कीमत ₹3,00,000/-)
01 मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत ₹20,000/-)
को विधिवत जप्त किया। इस प्रकार कुल ₹4,15,000/- का मशरूका बरामद किया गया।
गिरफ्तारी व आगे की कार्रवाई
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी व संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सनावद रामेश्वर ठाकुर के नेतृत्व में सउनि संदीप कुशवाह, आर. 559 विनोद, आर. 103 श्रीकृष्ण बिरला, आर. 22 गजेन्द्र, आर. 844 रामदास रावत, आर. सचिन चौधरी (सायबर सेल) सहित थाना सनावद के अन्य स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

फ़ास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ सनावद से सजंय सोनी की रिपोर्ट 👍


Fast News Janta Ki Awaaz

Related Articles

Check Also
Close