
रुपए नहीं देने पर पिता की हत्या* आसपुर में लोहे की रॉड सिर पर किए वार,

धार: बाग थाना क्षेत्र की डेहरी चौकी के आसपुर गांव में एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने पैसे न देने पर पिता के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम आसपुर के मसानियापुरा निवासी मुकेश बघेल (30) ने अपने पिता कुंवर सिंह (60) से पैसे मांगे थे। पिता पर पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मुकेश ने घर में रखी लोहे की रॉड से पिता के सिर पर कई वार किए।

घटना के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी सिर में गंभीर चोट लगने से कुंवर सिंह का काफी खून बह गया।
उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बेटा मुकेश बघेल मौके से फरार हो गया। मुकेश डेहरी चौकी पर ‘गुंडा बदमाश’ की सूची में भी दर्ज है।
मृतक के चाचा के लड़के विकास ने घटना की सूचना गांव के सरपंच मनोहर चौहान को दी। सरपंच ने तत्काल डेहरी चौकी पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा बनाया और हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की।
आरोपी बेटे के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी मुकेश की तलाश शुरू कर दी है। मृतक कुंवर सिंह का पोस्टमॉर्टम आज बुधवार को बाग अस्पताल में करवाया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। मृतक की पत्नी का निधन एक साल पहले ही हो चुका था। उनके दो बेटे और दो विवाहित बेटियां हैं। दूसरा बेटा मनोहर अलग रहता है।
फ़ास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ कुक्षी धार से सज्जाद खान

