
कई दिनों से लापता थी भारतीय छात्रा, कनाडा के ओटावा में मिला AAP नेता की बेटी का शव*

कनाडा की राजधानी ओटावा में एक भारतीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा पिछले 3-4 दिनों से लापता थी, और अब उसका शव ओटावा बीच के पास बरामद किया गया है।
स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और भारतीय उच्चायोग ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के साथ संपर्क में होने की बात कही है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, छात्रा की पहचान 21 वर्षीय वंशिका सैनी के रूप में हुई है, जो आम आदमी पार्टी के नेता दविंदर सैनी की बेटी बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, वंशिका भारत से कनाडा पढ़ाई के लिए आई थी। वह ओटावा में एक शैक्षणिक संस्थान में स्टडी कर रही थी। वंशिका 25 अप्रैल को रात करीब 9 बजे किराए का कमरा तलाशने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उसका फोन भी बंद हो गया था। वह परीक्षा में भी नहीं बैठी। कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने के बाद, स्थानीय समुदाय और पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि ओटावा बीच के पास एक शव देखा गया है, जिसकी पहचान बाद में वंशिका के रूप में हुई।
फ़ास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ प्रधान संपादक सज्जाद खान,



