शातिर हत्यारा गिरफ्तार, एक में पूछताछ तो दूसरी हत्या का हुआ खुलासा

शातिर हत्यारा गिरफ्तार, एक में पूछताछ तो दूसरी हत्या का हुआ खुलासा
पहले शराब पिलाता फिर बेहोशी में गला घोंट हत्या कर देता आरोपित

,
खरगोन सनावद पुलिस ने शातिर हत्यारे को गिरफ्तार किया है। वह पहले शराब पिलाकर बेहोश कर देता है। इसके बाद उसका गला गोंटकर नर्मदा या रोड किनारे जंगल में फेंक देता। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो एक माह पहले हुई मौत हत्या निकली। पुलिस ने दो लोगों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

एसपी धर्मराज मीना ने बताया कि 17 जुलाई 2025 को थाना सनावद क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-सनावद रोड स्थित फारेस्ट नाके के सामने अज्ञात मृतक पुरुष (40 वर्ष) का शव सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा होने की सूचना मिली।घटनास्थल के निरीक्षण एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर एेसा लगा कि किसी ने किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला घोंट कर हत्या की गई। मौके पर एफएसएल टीम की उपस्थिति में शव की जांच की गई। पुलिस द्वारा मृतक के फोटो को इंटरनेट मीडिया एवं सूचना पुलिस कंट्रोल रूम खरगोन के माध्यम से भी प्रसारित किया गया। जिसके आधार पर मृतक की पहचान प्रकाश पुत्र रमेश गायकवाड़ निवासी अर्जुन कालोनी बडूद के रूप में की गई। घटनास्थल से मिले साक्ष्य एवं पीएम रिपोर्ट के आधार पर यह सामने आया कि मृतक की मृत्यु गला घोंटने से हुई है, जो पतला तौलिया, गमछा या मुलायम कपड़े का हो सकता है। अति. पुलिस अधीक्षक शकुंतला रुहल व एसडीओपी बडवाह अर्चना रावत के मार्गदर्शन व थाना प्रभारी सनावद रामेश्वर ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले व मुखबिरों की जानकारी पर मृतक प्रकाश और बडूद निवासी धनिया उर्फ धर्मेंद्र तंवर के बीच रंजिश की जानकारी सामने आई। पुलिस ने धनिया उर्फ धर्मेंद्र तंवर की तलाश शुरू कर दी। उसे मुखबीर की सूचना पर निर्माणाधीन बायपास पुलिया के नीचे से अभिरक्षा में लिया। पुलिस अभिरक्षा में बारीकी व मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर धर्मेंद्र ने हत्या करना कबूल किया। उसने मोरटक्का क्षेत्र में प्रकाश से कहासुनी होने पर बदला लेने की ठानी। इसके चलते पहले प्रकाश को शराब पिलाई और फिर फारेस्ट नाके के पास जंगल में ले जाकर गमछे से गला दबाकर हत्या की। इसके बाद शव को दुर्घटना जैसा दिखाने के उद्देश्य से रोड किनारे पटक दिया। पुलिस टीम ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, गमछा एवं मोबाइल को नियमानुसार विधिवत जप्त किया। कार्रवाई में चैनसिंह सोलंकी, संदीप कुशवाह, राजेश दिनकर, रविन्द्र सिंह चौहान, गंभीर मीणा, विनोद, श्रीकृष्ण बिरला, इसराम एवं थाने के अन्य स्टाफ शामिल रहा।
शराब पिलाई और गला घोंट मारकर नर्मदा में फेंका
पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र से बारीकी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि करीब एक माह पहले भी उसने गांव के एक अन्य व्यक्ति सालकराम उर्फ नाना की भी हत्या की थी। प्रकाश की तरह नाना उर्फ सालकराम को भी पहले अत्यधिक शराब पिलाकर बेहोश किया। इसके बाद गमछे से गला घोंट हत्या की और शव को नर्मदा नदी में फेंक दिया, ताकि लोगों को लगे की नाना उर्फ सालकराम की मृत्यु नदी में डूबने से हुई होगी। पुलिस रिकार्ड में जांच करने पर उक्त घटना पर से मोरटक्का चौकी जिला खंडवा में आरोपी के बताए घटनाक्रम अनुसार मर्ग दर्ज होना पाया गया।
*फास्ट न्यूज़ जनता की आवाज खरगोन से इसहाक पठान की रिपोर्ट*


