असहाबा मस्जिद कब्रिस्तान भूमि विवाद में वक़्फ़ बोर्ड का हस्तक्षेप, नीलामी पर लगाई तत्काल रोक
फ़ास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ प्रधान संपादक सज्जाद खान

असहाबा मस्जिद कब्रिस्तान भूमि विवाद में वक़्फ़ बोर्ड का हस्तक्षेप, नीलामी पर लगाई तत्काल रोक


प्रतिनिधि मंडल ने उठाई कृषि भूमि बताकर नीलामी की अफवाहों पर आपत्ति
NVDA से 20 वर्षों से लंबित मस्जिद–मजारों के मुआवजे पर विस्तृत कार्रवाई का दिया आश्वासन
धार । एहले इस्लाम पंच असहाबा मस्जिद कमेटी, धरमपुरी के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को भोपाल स्थित वक़्फ़ बोर्ड कार्यालय में (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) अध्यक्ष हाजी डॉ. सनवर पटेल से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने असहाबा मस्जिद कब्रिस्तान की भूमि को कृषि भूमि बताकर खेती हेतु बोर्ड द्वारा नीलाम किए जाने संबंधी फैली अफवाहों पर आपत्ति जताई और इस विषय में विस्तृत चर्चा की। साथ ही नर्मदा घाटी विकास विभाग (NVDA) द्वारा मस्जिदों और मजारों के लंबित मुआवजे के मामलों को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।
प्रतिनिधि मंडल में सदर डॉ. सज्जाद शेख, नायब सदर खलील खत्री, खजांची हाजी हारून खत्री, हाजी सरफ़राज शेख, हाजी जाकिर कुरैशी सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
बैठक के दौरान अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कब्रिस्तान भूमि की नीलामी पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश जारी किए। साथ ही NVDA से संबंधित मुआवजा प्रकरणों की पूरी जानकारी एकत्र कर प्रस्तुत करने के लिए भाजपा नेता हाजी जाकिर कुरैशी को जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने इस बात पर गंभीर चिंता जताई कि वक़्फ़ संपत्तियों का मुआवजा पिछले 20 वर्षों से लंबित है, और आश्वस्त किया कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। अध्यक्ष पटेल ने यह भी सुझाव दिया कि मस्जिदों और मजारों के संरक्षण व संचालन के लिए सुसंगठित इंतज़ामिया कमेटियाँ बनाई जाएँ, ताकि धार्मिक स्थलों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
फास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ से सैयद रिजवान अली की रिपोर्ट



